Korba Breaking: जंगल में सजा था जुए का महफिल.. पुलिस की रेड में 6 जुआरी गिरफ्तार, रकम जब्ती पर उठ रहे सवाल..

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba Gambling Raid करतला थाना क्षेत्र के बड़मार जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5,350 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, छह मोबाइल फोन और 10 मोटरसाइकिल जब्त करने का दावा किया है। हालांकि कार्रवाई के बाद जब्त की गई नगदी की राशि को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।

पुलिस के अनुसार, “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर बड़मार जंगल में दबिश दी गई, जहां कुछ लोग जुआ खेलते मिले। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

 

इधर, इस कार्रवाई के बाद सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यदि मौके पर छह लोग जुआ खेल रहे थे और कई मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं, तो केवल 5,350 रुपये की जब्ती कैसे हुई? स्थानीय स्तर पर इस बात को लेकर चर्चा है कि क्या मौके पर वास्तव में इतनी ही रकम थी या फिर जुए का खेल छोटे स्तर पर चल रहा था।

 

वहीं क्षेत्र में लंबे समय से जुए के फड़ संचालित होने की चर्चाएं भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में लोगों की नजर अब इस बात पर है कि क्या पुलिस इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पूरे नेटवर्क और कथित संचालकों तक पहुंचेगी या यह कार्रवाई केवल मौके पर मौजूद लोगों तक ही सीमित रहेगी।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article