कोरबा।Korba News पुराने बस स्टैंड के पास स्थित रानी धनराज कुंवर अस्पताल में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के बाथरूम में मानव भ्रूण मिलने की खबर सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल के सफाई कर्मचारी पी. चिना सोमवार सुबह बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। इसी दौरान उसे तेज बदबू महसूस हुई। अंदर जाकर देखने पर बाथरूम में भ्रूण पड़ा मिला। कर्मचारी ने तत्काल इसकी जानकारी सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी।
सफाई कर्मचारी के मुताबिक, सुपरवाइजर के कहने पर भ्रूण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रख दिया गया। हालांकि, इस दौरान पुलिस को सूचना देने के बजाय भ्रूण को वहां से हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
डॉक्टर पर गर्भपात कराने की आशंका, जांच के दायरे में अस्पताल
मानव भ्रूण अस्पताल के बाथरूम में कैसे पहुंचा, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। क्या अस्पताल में ही किसी महिला का गर्भपात कराया गया था? क्या भ्रूण को जानबूझकर बाथरूम में छोड़ा गया? या फिर इसे बाहर से लाकर फेंका गया? पुलिस इन सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अस्पताल में तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अवैध गर्भपात या किसी डॉक्टर की संलिप्तता अभी पुलिस जांच का विषय है और इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खोलेगा राज!
पुलिस अब अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। खासतौर पर बाथरूम के आसपास और अस्पताल के प्रवेश-निकास मार्गों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। फुटेज से यह पता लगाने की कोशिश होगी कि भ्रूण को बाथरूम तक कौन लेकर आया और घटना के समय अस्पताल में कौन-कौन मौजूद था।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही भ्रूण की उम्र, मौत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य और आगे की वैधानिक कार्रवाई की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल रानी धनराज कुंवर अस्पताल में मिले मानव भ्रूण ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच, CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस पूरे मामले का सच सामने आने की उम्मीद है।












