Chhattisgarh Weather Update: कोरबा में टापू पर 3 युवक फंसे, रातभर चला रेस्क्यू; आज भारी बारिश का अलर्ट

News Power Zone
6 Min Read
Chhattisgarh Weather Update

कोरबा, 25 अगस्त। Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। आज कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। बस्तर संभाग में कई जगह भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हुई।

कोरबा में टापू पर फंसे 3 युवक, रातभर चला रेस्क्यू

भारी बारिश के बीच कोरबा के देवपहरी जलप्रपात में तीन युवक टापू पर फंस गए हैं। रातभर SDRF ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन जलस्तर कम नहीं होने के कारण तीनों युवकों को अभी तक सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका है। मौके पर SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौजूद हैं और युवकों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।

कोरबा में नदी-नाले उफान पर

सोमवार दोपहर से हुई मूसलाधार बारिश के कारण कोरबा में कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला उफान पर हैं। दादर नाला के किनारे स्थित कई घरों में बारिश का पानी घुसने की सूचना है। लगातार बारिश के कारण स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

रायपुर में 4.7 इंच बारिश

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में करीब 4.7 इंच यानी 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 25 अगस्त को भी राजधानी में बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29°C और न्यूनतम तापमान करीब 24°C रहने का अनुमान है।

बस्तर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में बस्तर संभाग के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हुई।

  • छोटेडोंगर — 180 मिमी
  • अंतागढ़ — 160 मिमी
  • बास्तानार — 160 मिमी
  • बड़े बचेली — 130 मिमी
  • उसूर — 110 मिमी
  • जगरगुंडा — 110 मिमी
  • दरभा — 100 मिमी
  • बीजापुर — 100 मिमी
  • सुकमा — 90 मिमी
  • जगदलपुर — 50 मिमी

प्रदेश में अब तक 832.2 मिमी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन के दौरान अब तक 832.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 866.4 मिमी है। यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 4% कम है। हालांकि इसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है। अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5°C दर्ज हुआ, जबकि जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.7°C रिकॉर्ड किया गया।

नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश, बेमेतरा सबसे पीछे

जिलेवार आंकड़ों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। नारायणपुर में अब तक 48.0 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 36.7 इंच है। यानी यहां सामान्य से 31% ज्यादा बारिश हुई है।

इसके बाद:

  • बलरामपुर — 43.0 इंच
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़ — 41.9 इंच
  • बीजापुर — 41.8 इंच
  • महासमुंद — 38.4 इंच

वहीं बेमेतरा में अब तक सिर्फ 18.8 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 31.1 इंच है। यहां बारिश सामान्य से 40% कम है।

सूरजपुर, जशपुर और कांकेर में भी बारिश कम

बारिश की कमी वाले जिलों में सूरजपुर, जशपुर और कांकेर भी शामिल हैं।

  • सूरजपुर — 20.8 इंच, सामान्य से 41% कम
  • कांकेर — 25.4 इंच, सामान्य से 37% कम
  • जशपुर — 26.7 इंच, सामान्य से 33% कम

इसके अलावा कबीरधाम में 16%, कोंडागांव में 16%, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17%, कोरिया में 19%, कोरबा में 10%, रायगढ़ में 4% और सक्ती में 2% बारिश की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश

राजधानी रायपुर में अब तक 34.3 इंच बारिश हुई है। सामान्य आंकड़ा 29.8 इंच है। इस हिसाब से रायपुर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश हुई है। गरियाबंद में 36.0 इंच, यानी सामान्य से 16% ज्यादा और धमतरी में 31.6 इंच, यानी सामान्य से 2% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

बारिश सामान्य या ज्यादा-कम कैसे तय होती है?

किसी जिले में बारिश सामान्य है या कम-ज्यादा, यह केवल कुल मिलीमीटर देखकर तय नहीं होता। इसके लिए उस जिले की दीर्घकालीन सामान्य बारिश से तुलना की जाती है।

आमतौर पर सामान्य से 19% तक का अंतर सामान्य, 20% से 59% अधिक बारिश को अधिक (Excess) और 20% या उससे ज्यादा कमी को कम (Deficient) माना जाता है। यही वजह है कि किसी जिले में कम दिखने वाली बारिश भी उसकी सामान्य श्रेणी में हो सकती है, जबकि दूसरे जिले में उतनी ही बारिश सामान्य से ज्यादा मानी जा सकती है।

Share This Article