Korba Road Accident : बुधवारी बायपास में तेज रफ्तार कार-ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, महिलाओं और बच्चे समेत कई घायल
Korba Road Accident : बुधवारी बायपास में कार-ई-रिक्शा की टक्कर, कई घायल; लाठी-डंडे लेकर पहुंची भीड़
कोरबा, 21 अगस्त। Korba Road Accident: कोरबा के बुधवारी बायपास में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन-चार महिलाओं, एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। एक युवती के पैर में गंभीर चोट आने की जानकारी है। सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि पलट गया ई-रिक्शा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नाबालिग चला रहा था ई-रिक्शा?
हादसे को लेकर एक और गंभीर बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ई-रिक्शा एक नाबालिग चला रहा था, जिसे इस मार्ग पर पहले भी वाहन चलाते हुए देखा जाता रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।यदि नाबालिग के वाहन चलाने की बात जांच में सही पाई जाती है तो यह यातायात सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
हादसे के बाद लाठी-डंडे लेकर पहुंचे 15-20 युवक
हादसे के बाद स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब ई-रिक्शा चालक के करीब 15 से 20 साथी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने युवकों से डंडे जब्त किए और उन्हें फटकार लगाते हुए भीड़ को वहां से हटाया।पुलिस की तत्परता से विवाद बढ़ने से बच गया।
कार पर पुलिस का मोनो? चालक के नशे में होने की भी चर्चा
हादसे में शामिल कार को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार पर पुलिस का मोनो लगा हुआ था और चालक खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था।
वहीं, चालक के शराब के नशे में होने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चालक के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे की जांच में सामने आएंगे कई सवालों के जवाब
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट होगा कि ई-रिक्शा कौन चला रहा था, कार चालक कौन था और क्या हादसे के समय किसी वाहन चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था।















