Marriage Fraud: शादी के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खेल! लड़की बनकर करते थे बात, 8 जिलों तक फैला नेटवर्क
AI टूल और वॉइस मॉड्यूलेटर से बदलते थे आवाज
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त। Marriage Fraud: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शादी के नाम पर साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे युवाओं को फंसाने के लिए “पवित्र रिश्ता डॉट कॉम” नाम से फ्लैक्स तैयार किया और WhatsApp, Facebook व Instagram के जरिए उसका प्रचार किया।
इसके बाद युवाओं से लड़की बनकर बातचीत की जाती और शादी का झांसा देकर पैसे मांगे जाते थे। रकम मिलते ही युवक का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एक ट्रांजेक्शन से खुला साइबर ठगी का राज
मामला तब सामने आया जब अजय राठौर ने 8 अगस्त को साइबर थाने में शिकायत की कि उसका बैंक खाता होल्ड हो गया है। अजय पेट्रोल पंप पर काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने रिश्तेदार की तबीयत खराब होने की बात कहकर उससे 2 हजार रुपये नकद मांगे थे। बदले में उसने ऑनलाइन UPI से रकम लौटाने की बात कही।
अजय ने मदद के तौर पर 2 हजार रुपये दे दिए और उसके खाते में उतनी ही राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई। बाद में अजय का बैंक खाता होल्ड हो गया। बैंक से जानकारी लेने के बाद उसने साइबर थाने में शिकायत की। पुलिस ने खाते में आए 2 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच की तो उसका संबंध साइबर ठगी से निकला। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की।
लड़की की आवाज में बात करता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाला साहू उर्फ लक्ष्मी नारायण साहू और सोनू साहू के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी यूलैंडन यार्क के अनुसार, आरोपी लाला साहू मोबाइल ऐप, वॉइस मॉड्यूलेटर और अन्य तकनीक की मदद से अपनी आवाज बदलकर लड़की की आवाज में युवाओं से बातचीत करता था।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह वर्ष 2025 की शुरुआत से सक्रिय था। आरोपी अलग-अलग समाज और वर्ग की लड़कियों से शादी कराने का दावा करते थे और इसके नाम पर युवाओं से पैसे मांगते थे।
सोनू निभाता था बिचौलिए का रोल
पुलिस के मुताबिक सोनू साहू चांपा के बेलदारपारा का रहने वाला है और शादी के लिए लड़की दिखाने वाले बिचौलिए की भूमिका निभाता था। वहीं दूसरा आरोपी लक्ष्मी साहू अमोदा गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह मोबाइल ऐप, AI टूल और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से आवाज बदलकर युवाओं से बातचीत करता था।
8 जिलों में सामने आईं शिकायतें
जांच में पुलिस को पता चला कि इस गिरोह के खिलाफ केवल जांजगीर-चांपा ही नहीं, बल्कि कवर्धा, रायपुर समेत प्रदेश के करीब 8 जिलों में शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने युवाओं को किया अलर्ट
पुलिस ने ऑनलाइन शादी के लिए वेबसाइट, ऐप और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है। किसी भी शादी संबंधी वेबसाइट, ऐप या सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते से पैसे भेजने या किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर नकद लेन-देन के बदले UPI भुगतान स्वीकार करने से बचें।















