Uncategorized

Korba police suspension : ‘कबाड़ से जुगाड़’ में गई कुर्सी! तीसरी आंख ने खोले लेन-देन के राज, कटघोरा में TI समेत 4 पर कार्रवाई से पुलिसिंग पर सवाल

Korba police suspension कटघोरा। कबाड़ कारोबार से जुड़े कथित लेन-देन के मामले ने कटघोरा पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। मामले में थानेदार (TI) समेत 4 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बाद पुलिसिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा अब इस बात की है कि आखिर ‘कबाड़ से जुगाड़’ का यह खेल कितना पुराना और कितना गहरा है?

सूत्रों के अनुसार, छुरी के साहू नामक कबाड़ कारोबारी की एक गाड़ी कुछ दिन पहले कटघोरा पुलिस ने पकड़ी थी। गाड़ी छुड़ाने के लिए कारोबारी ने कथित तौर पर थाने के एक लाइजनर से संपर्क किया। आरोप है कि गाड़ी छोड़ने के एवज में तीन पेटी में सौदा तय हुआ।

कथित सौदे के बाद कबाड़ कारोबारी द्वारा लाइजनर को रकम दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन इसके बावजूद गाड़ी नहीं छोड़ी गई। इसके बाद कारोबारी ने कथित लेन-देन को लेकर शिकायत कर दी।

शिकायत के बाद मामले की जांच कटघोरा एसडीओपी द्वारा की गई। जांच के दौरान थाने में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। सूत्रों का दावा है कि फुटेज में कथित लेन-देन से जुड़ी गतिविधियां सामने आने के बाद शिकायत में लगाए गए आरोपों को जांच में गंभीरता से लिया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई करते हुए थानेदार एमबी पटेल, एएसआई राम पांडेय, आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे और हवलदार सुरेश तंवर समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।

तीसरी आंख’ ने खोला राज, अब उठ रहे बड़े सवाल

इस पूरे घटनाक्रम में थाने में लगे CCTV कैमरे यानी ‘तीसरी आंख’ की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। यदि CCTV फुटेज की जांच नहीं होती तो क्या कथित लेन-देन का मामला सामने आ पाता, यह सवाल भी अब चर्चा में है।

छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बाद कटघोरा की पुलिसिंग और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर थाने के भीतर कथित लेन-देन की स्थिति क्यों बनी और क्या इसकी भनक वरिष्ठ अधिकारियों को पहले नहीं लगी?

फिलहाल कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच की आंच 4 पुलिसकर्मियों तक ही सीमित रहेगी या फिर ‘कबाड़ से जुगाड़’ के कथित पूरे नेटवर्क की भी परतें खुलेंगी?

Related Articles

Back to top button