कोरबापुलिस

Cyber Alert: स्कूल में पुलिस की पाठशाला, विद्यार्थियों को बनाया साइबर ठगी के खिलाफ जागरूक प्रहरी

Cyber Alert कोरबा। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच कोरबा पुलिस ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल की। साइबर जागृति अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद स्कूल, सीतामढ़ी में साइबर थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा एवं साइबर टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए।

 

कार्यक्रम को कम्युनिटी पुलिसिंग की दिशा में कोरबा पुलिस की सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को केवल साइबर अपराध की जानकारी ही नहीं दी, बल्कि उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल ठगी के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी समझाई।

 

साइबर टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।

 

इस दौरान फिशिंग, फर्जी कस्टमर केयर, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, QR कोड फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश, लोन फ्रॉड और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में उदाहरणों के साथ जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें।

 

साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई, ताकि समय रहते ठगी की रकम को रोकने और आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ सके।

 

कोरबा पुलिस की यह पहल इस संदेश पर केंद्रित रही कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पुलिस, विद्यार्थी, अभिभावक और समाज की साझा जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को जागरूक कर पुलिस ने उन्हें साइबर सुरक्षा के जागरूक दूत के रूप में तैयार करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया।

 

कार्यक्रम के अंत में कोरबा पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक करें।

 

 

Related Articles

Back to top button