BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba Breaking: बांगो बांध के 10 गेट खुले, दर्री बैराज के तीन गेट भी खुले, निचली बस्तियों में बढ़ा जलभराव का खतरा

कोरबा।Bango Dam 10 Gates Opened  लगातार बारिश और बांध में पानी की तेज आवक के बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 93.65 प्रतिशत पहुंच गया है। रविवार शाम 4 बजे बांध का जलस्तर 358.60 मीटर दर्ज किया गया। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए बांध के 11 में से 9 गेट खोले गए हैं। वहीं, हाइडल पावर प्लांट से भी पानी छोड़ा जा रहा है।

 

बांध प्रबंधन के अनुसार गेट नंबर 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 को अलग-अलग ऊंचाई तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। इन गेटों से करीब 32,080 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में डिस्चार्ज किया जा रहा है।

 

इसके अलावा हाइडल पावर प्लांट से करीब 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध और हाइडल से मिलाकर कुल 41,080 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

 

इधर, पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए दर्री बैराज के तीन गेट भी खोल दिए गए हैं। इससे दर्री और आसपास के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। नदी किनारे और निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

 

बांध प्रबंधन के मुताबिक मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के बाद गेट खोले गए हैं। राहत की बात यह है कि पिछले करीब ढाई घंटे से बांध का जलस्तर स्थिर बना हुआ है।

 

हालांकि बड़ी मात्रा में पानी हसदेव नदी में छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन और बांध प्रबंधन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button