कोरबा

Independence Day 2026 : कोरबा में 15 अगस्त की तैयारियां तेज…! कलेक्टर-एसपी ने CSEB ग्राउंड का किया निरीक्षण

कोरबा, 11 अगस्त। Independence Day 2026 : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कोरबा में तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मंगलवार को CSEB ग्राउंड का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंच, बैठक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम को मंच निर्माण, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था सहित आयोजन स्थल की अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी।

परेड में शामिल होंगी ये टुकड़ियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में CISF, पुलिस, नगर सेना, NCC और स्काउट-गाइड की टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी। मुख्य समारोह सुबह करीब 9 बजे आयोजित किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल होंगे। वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगे।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और विभागों को सम्मानित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय और सार्वजनिक भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी।

जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष तथा नगरीय निकायों में महापौर या अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button