JSSC-JPSC Recruitment : झारखंड विधानसभा घेराव में बवाल…! छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस…JSSC CGL रद्द करने पर अड़े प्रदर्शनकारी VIDEO
छात्रों ने तोड़ी कई स्तर की बैरिकेडिंग
रांची, 10 अगस्त। JSSC-JPSC Recruitment : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव सोमवार को करीब 10 घंटे तक चला। प्रदर्शनकारियों के बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा के मुख्य गेट तक पहुंचने के बाद पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
शाम करीब 7 बजे पुलिस ने विधानसभा की चहारदीवारी के बाहर की सड़क खाली कराई। इस दौरान गेट नंबर-1 के सामने डटे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया। कई छात्र-छात्राएं सड़क पर लेट गए और हटने से इनकार कर दिया। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
छात्रों ने तोड़ी कई स्तर की बैरिकेडिंग
सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुराने विधानसभा परिसर के पास बड़ी संख्या में छात्र जुटने लगे थे। दिनभर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कई स्तर की बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की।
शाम करीब 4 बजे छात्रों ने आखिरी बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और बड़ी संख्या में विधानसभा के मुख्य गेट तथा आसपास की सड़कों तक पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई जगह टकराव हुआ।
वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। वहीं, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने की भी खबर है। पूरे घटनाक्रम में कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई है।
9 दिन से अनशन कर रहे छात्र नेता को एंबुलेंस से ले गई पुलिस
विधानसभा के गेट नंबर-1 के सामने पिछले नौ दिनों से अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद थे।
बताया गया कि नौ दिनों की भूख हड़ताल के बावजूद महतो पहले एंबुलेंस और फिर स्ट्रेचर के सहारे प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे थे। बाद में पुलिस उन्हें एंबुलेंस के जरिए प्रदर्शन स्थल से ले गई।
JSSC CGL परीक्षा रद्द करने की मांग
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक JSSC CGL परीक्षा रद्द करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग नहीं मानी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारी छात्रों के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि अब यह जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर अब सीधे मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।
प्रदर्शनकारी छात्र 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।
विधानसभा से दूर भी जुटे छात्र
शाम 7 बजे पुलिस ने विधानसभा के सामने की सड़क खाली करा दी, लेकिन आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। विधानसभा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अब भी छात्र अलग-अलग समूहों में मौजूद बताए जा रहे हैं। छात्र अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। ऐसे में भर्ती परीक्षाओं को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन आगे और बड़ा रूप ले सकता है।





