BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba News: ड्रग्स इंस्पेक्टर की कार्रवाई या खानापूर्ति?  सवालों  के घेरे में खाद्य एवं औषधि प्रशासन


कोरबा। Korba Medical Store Inspection जिले में बिना प्रिस्क्रिप्शन प्रतिबंधित और नशे में दुरुपयोग होने वाली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पुलिस के साथ मेडिकल स्टोर्स में औचक निरीक्षण शुरू किया है। हालांकि विभाग की इस कार्रवाई पर अब सवाल भी उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि नियमित निगरानी होती तो वर्षों से चल रही अनियमितताएं आखिर अब जाकर क्यों सामने आईं?

 

30 जुलाई को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के जायसवाल मेडिकल स्टोर्स, वर्षा मेडिको, बोहरा मेडिकल स्टोर्स, धनवंतरी जेनरिक मेडिकल और दीपक मेडिकल स्टोर्स में जांच की गई। विभाग ने मनःप्रभावी दवाओं, एंटीबायोटिक के स्टॉक और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड का मिलान किया तथा कई फर्मों में अनियमितताएं मिलने की बात कही है।

 

विभाग ने दावा किया है कि जिन मेडिकल स्टोर्स में नियमों का उल्लंघन मिला है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं पहले की जांच के आधार पर आद्या मेडिकल (पोड़ीबहार), गायत्री मेडिकल एजेंसी (बालको), रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर्स (पुराना बस स्टैंड) और लाइफ केयर मेडिकल स्टोर्स (गेवरा बस्ती) को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा श्रेया मेडिकल स्टोर्स (कनकी), सागर मेडिकल स्टोर्स (कोहड़िया) और श्रीराम मेडिकल स्टोर्स (फतेहगंज) के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई है।

 

सबसे बड़ा सवाल

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन मेडिकल दुकानों पर अब कार्रवाई हो रही है, वहां लंबे समय से दवाओं की बिक्री जारी थी। यदि बिना प्रिस्क्रिप्शन नशीली दवाएं और प्रतिबंधित एंटीबायोटिक बिक रही थीं तो खाद्य एवं औषधि प्रशासन अब तक क्या कर रहा था? क्या विभाग की निगरानी व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित थी?

 

केवल नोटिस से क्या रुकेगा खेल?

 

आलोचकों का कहना है कि हर बार निरीक्षण, नोटिस और नमूना जांच की प्रक्रिया अपनाई जाती है, लेकिन अवैध दवा कारोबार पर स्थायी रोक नहीं लग पाती। ऐसे में विभाग की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

 

फिलहाल विभाग ने कोरबा, करतला और कटघोरा के मेडिकल स्टोर्स से छह एंटीबायोटिक दवाओं के नमूने जांच के लिए रायपुर की राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button