BreakingFeaturedछत्तीसगढ़राजनीति

औकात पर आ गया तो ..” MLA पर भाजयुमो अध्यक्ष को फोन पर धमकाने का आरोप, वायरल ऑडियो से बालोद में सियासी भूचाल

औकात पर आ गया तो .." MLA पर भाजयुमो अध्यक्ष को फोन पर धमकाने का आरोप, वायरल ऑडियो से बालोद में सियासी भूचाल


बालोद।MLA Threatens BJYM President on Phone अर्जुन्दा क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने बालोद की सियासत में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। भाजयुमो अर्जुन्दा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत ने क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद पर फोन कर धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की शुरुआत उस वक्त हुई जब नवीन राजपूत ने अर्जुन्दा से कॉलेज मार्ग तक की जर्जर सड़क की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए विधायक से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। आरोप है कि इसी पोस्ट से नाराज विधायक ने उन्हें फोन किया और बातचीत के दौरान कथित तौर पर धमकी दी।

भाजपा नेताओं का दावा है कि वायरल ऑडियो में विधायक कथित रूप से कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैं अपनी औकात पर आ गया तो तुम्हें जमीन पर चलने लायक नहीं छोड़ूंगा।” इस कथित ऑडियो के सामने आने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है और भाजपा ने कांग्रेस विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा ने इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि जनहित के मुद्दे उठाने वाले विपक्षी कार्यकर्ताओं को धमकाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

दूसरी ओर, पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। समर्थक और विरोधी लगातार अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जिससे बालोद का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

फिलहाल, इस कथित वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही मामले में किसी जांच एजेंसी की रिपोर्ट सामने आई है। भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस विधायक की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।

Related Articles

Back to top button