Reservation Controversy : आरक्षण पर पोस्ट से छत्तीसगढ़ में बवाल…! चरणदास महंत का CM साय पर बड़ा हमला
संविधान और सामाजिक न्याय का अपमान
रायपुर, 01 अगस्त। Reservation Controversy : छत्तीसगढ़ में आरक्षण व्यवस्था को लेकर सोशल Media पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जनसंपर्क विभाग की पत्रिका के सलाहकार संपादक डॉ. अनिल द्विवेदी की सोशल मीडिया पोस्ट पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे आरक्षित वर्गों के सम्मान पर सीधा हमला बताया है।
संविधान और सामाजिक न्याय का अपमान
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आरक्षण संविधान द्वारा प्रदत्त सामाजिक न्याय का महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण प्राप्त करने वाले वर्गों के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल केवल किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे आरक्षित और वंचित समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि पोस्ट हटाना या खेद व्यक्त करना इस मामले की गंभीरता को कम नहीं करता।
CM साय की चुप्पी पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग का प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। ऐसे में इस संवेदनशील मुद्दे पर उनकी चुप्पी आरक्षित वर्गों के बीच गलत संदेश दे रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति को जनसंपर्क विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैसे दी गई।
कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी
डॉ. महंत ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेशभर में उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय और आरक्षित वर्गों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।






