Liquor Shop : कोरबा में नई शराब दुकान पर बवाल…! ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे जयसिंह अग्रवाल…बोले- ‘किसी भी कीमत पर नहीं खुलने देंगे’
कोरबा, 01 अगस्त। Liquor Shop : कोरबा जिले के बरबसपुर में आबकारी विभाग द्वारा नई शराब दुकान खोले जाने के प्रस्ताव के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के बुलावे पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल कांग्रेस नेताओं के साथ बरबसपुर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों का समर्थन किया।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जब गांव के लोग शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं तो आबकारी विभाग को उनकी इच्छा के विरुद्ध दुकान नहीं खोलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बरबसपुर के अलावा रापाखर्रा, भिलाईखुर्द और कर्रानाला सहित आसपास के गांवों का सामाजिक माहौल इससे प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इन गांवों के अधिकांश लोग खेती और मजदूरी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और शराब दुकान खुलने से सामाजिक व पारिवारिक समस्याएं बढ़ सकती हैं।
‘स्थायी रूप से बंद कर दे विभाग’
पूर्व मंत्री ने कहा कि जिस शराब दुकान को दूसरे क्षेत्रों में भी लोग वर्षों से लेकर विरोध कर रहे हैं, उसे नई जगह स्थानांतरित करने के बजाय आबकारी विभाग को स्थायी रूप से बंद करने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा, “ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी।”
महिलाओं का प्रदर्शन, मकान मालिक ने भी बदला फैसला
बरबसपुर में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं धरने पर बैठीं और शराब दुकान का विरोध किया। इस दौरान जयसिंह अग्रवाल के समर्थन में नारेबाजी भी हुई।
जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान के लिए जिस मकान का चयन किया गया था, उसके मालिक से उन्होंने फोन पर चर्चा की। बातचीत के बाद मकान मालिक ने आश्वासन दिया कि वह शराब दुकान संचालन के लिए अपना भवन उपलब्ध नहीं कराएगा और इस संबंध में आबकारी विभाग को लिखित सूचना भी देगा।
आबकारी विभाग और सरकार पर लगाए आरोप
पूर्व मंत्री ने आबकारी विभाग के अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर दुकान नहीं खोलने की बात कही। उन्होंने राज्य सरकार और आबकारी विभाग पर अवैध शराब बिक्री और ओवररेटिंग को लेकर भी आरोप लगाए तथा कहा कि ग्रामीणों के विरोध को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि इस मुद्दे पर वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर हर संघर्ष में उनका साथ देंगे।






