Jail Marriage : जेल में गूंजी शहनाई…! दुष्कर्म केस का आरोपी बना दूल्हा..कोर्ट की मंजूरी से विचाराधीन बंदी ने प्रेमिका संग लिए सात फेरे
7 महीने से जेल में बंद है आरोपी
जगदलपुर, 25 जुलाई। Jail Marriage : छत्तीसगढ़ के केंद्रीय जेल जगदलपुर में शुक्रवार को एक ऐसा विवाह हुआ, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद एक विचाराधीन बंदी ने न्यायालय की विशेष अनुमति से अपनी प्रेमिका के साथ जेल परिसर में सात फेरे लिए। करीब 15 साल बाद केंद्रीय जेल में शहनाई गूंजी और सभी कानूनी प्रक्रियाओं के बीच विवाह संपन्न कराया गया।
जेल प्रशासन के मुताबिक, विचाराधीन बंदी सुरेश सेठिया का विवाह दोनों परिवारों की सहमति और न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंडित ने विधि-विधान से सभी वैवाहिक रस्में पूरी कराईं। समारोह में केवल न्यायालय द्वारा अधिकृत लोग, दोनों परिवारों के सीमित सदस्य, अधिवक्ता, समाजसेवी और जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
7 महीने से जेल में बंद है आरोपी
सुरेश सेठिया पिछले करीब सात महीनों से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल में बंद है। उसके खिलाफ आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और अंतिम फैसला आना बाकी है।
मुलाकातों के बाद लिया शादी का फैसला
जेल में बंद रहने के दौरान युवती नियमित रूप से उससे मिलने आती रही। बाद में दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया। इसके बाद बंदी ने जेल प्रशासन को आवेदन दिया और अधिवक्ताओं के माध्यम से न्यायालय से अनुमति मांगी। दोनों के बालिग होने और सहमति के आधार पर अदालत ने जेल परिसर में विवाह की इजाजत दे दी।
जेल अधीक्षक ने दी जानकारी
केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने बताया कि न्यायालय की अनुमति और दोनों परिवारों की सहमति के बाद जेल परिसर में विवाह की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं और विधि-विधान के साथ शादी संपन्न कराई गई।






