
नई दिल्ली। नीट (NEET Paper Leak Case) पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर लगातार जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच गुरुवार को केंद्र सरकार की ओर से बातचीत की बड़ी पहल की गई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार आंदोलनरत छात्रों की सुविधानुसार हर स्थान और समय पर चर्चा करने के लिए तैयार है। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और प्रदर्शनकारी छात्रों ने रुख कड़ा करते हुए मांग रखी है कि सरकार के प्रतिनिधियों को खुद जंतर-मंतर आकर बातचीत करनी होगी।
NEET Paper Leak Case: हमारे लिए प्रतिष्ठा का सवाल नहीं, दरवाजे हमेशा खुले हैं: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने छात्रों से आंदोलन समाप्त कर संवाद का रास्ता चुनने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा, सरकार की ओर से हम चर्चा के लिए हर समय तैयार हैं। हमारे दरवाजे खुले हैं। आप अपनी सुविधानुसार जेपी नड्डा जी के आवास पर आएं या मंत्रालय में हम आपकी पूरी बात सुनेंगे। छात्रों और उनके प्रतिनिधियों को अब तक चार बार बातचीत का औपचारिक प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यह हमारे लिए किसी प्रतिष्ठा का सवाल नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि बातचीत की मेज पर उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे। मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस विषय को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ही दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
NEET Paper Leak Case: हम आवास नहीं जाएंगे, सरकार जंतर-मंतर आए: CJP
दूसरी तरफ, आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्रीय मंत्रियों के आवास या दफ्तर जाकर बात करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। संगठन का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगें सार्वजनिक कर दी हैं और यदि सरकार वाकई समाधान चाहती है, तो उसके प्रतिनिधियों को जंतर-मंतर पर छात्रों के बीच आना होगा।






