Korba Breaking: आखिरी कॉल पति को, फिर अचानक बंद हो गया मोबाइल… 18 दिन से लापता नवविवाहिता की गुत्थी बरकरार

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा।Korba Missing Woman जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकेजा से एक 24 वर्षीय नवविवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। 3 जुलाई 2026 से गायब संजना कैवर्त का 18 दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

परिजनों के अनुसार, संजना कैवर्त की शादी करीब 1 वर्ष 2 माह पहले सूरज कैवर्त से हुई थी। सूरज जेसीबी चालक है। उसने बताया कि शादी के बाद संजना मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती थी। परिवार ने उसका पूरा सहयोग किया और रायपुर में मेडिकल की पढ़ाई पूरी कराई।

पढ़ाई पूरी होने के बाद संजना को 6 जुलाई से कोरबा के एक निजी अस्पताल में ऑर्थो असिस्टेंट के पद पर जॉइन करना था। जॉइनिंग से पहले वह अपने पढ़ाई और मेडिकल से जुड़े दस्तावेज पोस्ट करने के लिए चांपा पोस्ट ऑफिस गई थी। इसी दौरान 3 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे पति सूरज से उसकी आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और तब से उसका कोई पता नहीं चल पाया।

संजना के लापता होने के बाद परिजनों ने उरगा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। इसके अलावा मायके, रिश्तेदारों, दोस्तों के घर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और रायपुर के बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली।

पति सूरज का कहना है कि संजना काम को लेकर बेहद उत्साहित थी और नौकरी शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। उसे आशंका है कि उसकी पत्नी किसी के झांसे में आकर कहीं चली गई हो।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संजना कैवर्त के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या उरगा पुलिस को सूचना दें।

Share This Article