Flight Window Breaks : विमान में बड़ा हादसा टला…! खिड़की टूटने से यात्री का सिर और कंधा बाहर की ओर खिंचा…पत्नी बनी फरिश्ता

News Power Zone
2 Min Read
Flight Window Breaks
ग्रीस, 12 जुलाई। Flight Window Breaks : ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही माल्टा एयर (Ryanair Group) की फ्लाइट FR1879 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंजन में तकनीकी खराबी के बाद निकला मलबा विमान के धड़ से टकराया, जिससे एक केबिन की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई और विमान के भीतर अफरा-तफरी मच गई।

हवा के दबाव में बाहर की ओर खिंचा यात्री

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टूटी खिड़की के पास बैठे 61 वर्षीय सर्बियाई यात्री का सिर और कंधे अचानक तेज हवा के दबाव में बाहर की ओर खिंच गए। राहत की बात यह रही कि यात्री ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे वह विमान से बाहर नहीं गिरा।

पत्नी और सहयात्रियों की सूझबूझ से बची जान

घटना के दौरान यात्री की पत्नी ने तुरंत उसके पैर पकड़ लिए। वहीं, आसपास बैठे अन्य यात्रियों ने भी मिलकर उसे वापस सीट की ओर खींच लिया। अचानक केबिन का दबाव कम होने पर ऑक्सीजन मास्क स्वतः खुल गए, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

पायलट ने दिखाई सूझबूझ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को वापस थेसालोनिकी हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। बाद में अन्य यात्रियों को वैकल्पिक विमान से जर्मनी रवाना किया गया।

जांच शुरू

हवाई अड्डा संचालक फ्रैपोर्ट ग्रीस के अनुसार, ग्रीस की विमानन सुरक्षा जांच एजेंसी HARSIA ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में इंजन से निकले मलबे के कारण खिड़की क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। एयरलाइन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना का अंतिम कारण स्पष्ट होगा।
Share This Article