रायपुर

EOW Questioning : शराब-कोल लेवी जांच में EOW की कार्रवाई तेज…! रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव से दूसरे दिन भी पूछताछ

पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष के बेटे से दूसरे दिन भी पूछताछ

रायपुर, 08 जुलाई। EOW Questioning : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी, कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि और DMF से जुड़े कथित आर्थिक अनियमितता मामलों की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के पुत्र वैभव अग्रवाल को लगातार दूसरे दिन पूछताछ के लिए रायपुर स्थित मुख्यालय बुलाया है।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को वैभव अग्रवाल से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई, लेकिन बुधवार को फिर से जांच में शामिल होने के लिए तलब किया गया।

किन मामलों में हो रही जांच?

EOW की जांच कथित शराब घोटाला, कोल लेवी वसूली, कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि और जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े आर्थिक मामलों पर केंद्रित है। जांच एजेंसियां इन मामलों में वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं की जांच कर रही हैं।

ED भी कर चुकी है कार्रवाई

इन मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले से जांच कर रहा है। एजेंसी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त एवं अटैच करने की कार्रवाई भी कर चुकी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि रामगोपाल अग्रवाल को भी कई बार पूछताछ के लिए समन जारी किए गए, लेकिन वे अब तक जांच में उपस्थित नहीं हुए हैं।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा

रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय तक छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे हैं। वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद उन्हें नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) का अध्यक्ष भी बनाया गया था।

ईडी की जांच में आरोप है कि कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि में वृद्धि के दौरान कथित अनियमितताएं हुईं और कमीशन लिया गया। वहीं शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन में भी उनका नाम जांच के दायरे में बताया गया है।

Related Articles

Back to top button