कोरबा। Meera Resort Murder Case Korba मीरा रिसॉर्ट के बाहर बोलेरो कैम्पर से युवक को कुचलकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद फरार चल रहा मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया।
रिसॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैम्पर में बैठा और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर उज्ज्वल कुमार सिंह को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैम्पर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
थाना उरगा में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है तथा आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






