BreakingFeaturedकोरबापुलिस

Korba Breaking: नो एंट्री हादसे में SP की बड़ी कार्रवाई… ड्यूटी में लापरवाही पर दो ट्रैफिक जवान सस्पेंड…

कोरबा। Korba Traffic Police Suspension सीएसईबी चौक पर नो एंट्री के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद कोरबा पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर यातायात शाखा में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रधान आरक्षक क्रमांक 352 शशिधर जायसवाल एवं आरक्षक क्रमांक 738 टंकेश्वर पटेल को कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही,अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने का दोषी मानते हुए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, कोरबा रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

जांच में सामने आई लापरवाही

आदेश में उल्लेख है कि हादसे वाले दिन यातायात व्यवस्था के लिए सीएसईबी चौक पर दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान कटघोरा की ओर से आई राखड़ से भरी 14 चक्का ट्रक ने नो एंट्री का उल्लंघन किया। ड्यूटी पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी ट्रक को नो एंट्री क्षेत्र से बाहर निकालकर नियमानुसार कार्रवाई करने की थी।
लेकिन वाहन चालक ट्रक लेकर आगे बढ़ गया और सीएसईबी चौक पहुंचने के बाद उसने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

घटना के बाद उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) से कराई गई प्रारंभिक जांच में दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान लापरवाही प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक को मामले की विस्तृत जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।इस कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट संदेश गया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button