Employee Loan Scheme : छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को बड़ी राहत…! अर्जित वेतन के विरुद्ध ऋण योजना लागू…अब जरूरत पड़ने पर मिलेगा एडवांस वेतन और सस्ता लोन
कर्मचारी संगठन ने जताया आभार
रायपुर, 02 जुलाई। Employee Loan Scheme : छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से कर्मचारियों द्वारा उठाई जा रही वित्तीय सुविधा की मांग पर प्रदेश सरकार ने ‘अर्जित वेतन के विरुद्ध ऋण योजना’ लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को आकस्मिक आर्थिक जरूरतों के समय अग्रिम वेतन (Earned Wage Advance) तथा कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
यह मांग काफी समय से छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन द्वारा उठाई जा रही थी। फेडरेशन का कहना था कि कर्मचारियों को महीने के अंत तक वेतन का इंतजार करना पड़ता है, जबकि बीच महीने में अचानक आने वाले खर्चों के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से सरकार से अर्जित वेतन के आधार पर वित्तीय सहायता की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया था।
कमल वर्मा ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य निर्णय है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से कर्मचारियों को आकस्मिक आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बिना ब्याज अग्रिम वेतन और कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी वित्तीय परेशानियां काफी हद तक कम होंगी।
सरकार का जताया आभार
कमल वर्मा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में कर्मचारियों के लिए होम लोन, शिक्षा लोन और अन्य कर्मचारी हितैषी वित्तीय योजनाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
योजना से क्या होगा फायदा?
- आकस्मिक जरूरत में तत्काल आर्थिक सहायता।
- बिना ब्याज अग्रिम वेतन की सुविधा।
- कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध।
- निजी उधार और महंगे कर्ज पर निर्भरता कम होगी।
- कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय प्रबंधन बेहतर होगा।
यह योजना कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और इससे हजारों सरकारी कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।






