छत्तीसगढ़

Sonu Sood in Bhilai : भिलाई पहुंचे अभिनेता सोनू सूद…! नशामुक्ति, रोजगार और राम मंदिर दान चोरी पर खुलकर बोले

युवाओं को नशे से बचाने की अपील

भिलाई, 27 जून। अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद के शनिवार को भिलाई पहुंचने पर उनके प्रशंसकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। फाउंडेशन की राष्ट्रीय बैठक में शामिल होने आए सोनू सूद का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशामुक्ति और हाल के चर्चित मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।

मीडिया से बातचीत में सोनू सूद ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास की मजबूत नींव शिक्षा और स्वास्थ्य से तैयार होती है। यदि युवाओं को बेहतर शिक्षा, सही मार्गदर्शन और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो समाज तेजी से प्रगति कर सकता है।

उन्होंने बताया कि उनकी संस्था लंबे समय से जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहायता और करियर मार्गदर्शन से जुड़े अभियानों का विस्तार किया जाएगा।

नशामुक्ति पर विशेष जोर

सोनू सूद ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि इससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से मिलकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था भी नशामुक्ति अभियान को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएगी।

राम मंदिर दान चोरी मामले पर सख्त टिप्पणी

राम मंदिर दान चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनू सूद ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक होता है। ऐसे धन का दुरुपयोग या चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं के साथ विश्वासघात है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता इस तरह के मामले में साबित होती है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही दोषियों की संपत्ति जब्त कर उसे जनकल्याण के कार्यों में उपयोग करने की बात भी कही।

छत्तीसगढ़ में बढ़ेंगी सामाजिक गतिविधियां

सोनू सूद ने बताया कि कोरोना काल से उनकी संस्था देशभर में जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रही है। अब छत्तीसगढ़ में भी रोजगार सहायता, मरीजों की मदद, शिक्षा और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों को और मजबूत किया जाएगा। भिलाई में आयोजित फाउंडेशन की राष्ट्रीय बैठक में देशभर से जुड़े प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए, जहां आगामी सामाजिक योजनाओं और सेवा कार्यों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button