कोरबा

Road Accident : कोरबा में तेज रफ्तार कार का कहर…! डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी…कार का पहिया उखड़ा

पलटती रही कार, बाल-बाल बचे तीन नाबालिग

कोरबा, 24 जून। Road Accident : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया मुख्य मार्ग पर शाम करीब 6 बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति से दौड़ रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर सड़क पर कई बार पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया।

एयरबैग और सीट बेल्ट बने सुरक्षा कवच

कार में 17 से 18 वर्ष की आयु के तीन नाबालिग सवार थे। राहत की बात यह रही कि कार में लगे एयरबैग खुल गए और सभी ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे वे गंभीर हादसे के बावजूद सुरक्षित बच गए। तीनों को केवल मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने जब्त की कार

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद कोहड़िया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने नाबालिगों के वाहन चलाने और तेज रफ्तार के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button