Double Death : छत्तीसगढ़ में सनसनी…! कोरिया में भाजपा के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष को कार सहित जिंदा जलाया…दो भाइयों को मौत कई झुलसे…यहां देखें VIDEO
रेत के विवाद से खूनी अंजाम
कोरिया, 17 जून। Double Death : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोनहत थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह की उनकी फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जलने से मौत हो गई। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई नागेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भरत सिंह अपने घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर में बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। भरत सिंह वाहन से बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के दौरान भरत सिंह के भाई नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति भी आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान भाई ने भी तोड़ा दम
सभी घायलों को पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शिक्षक नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं वीरू सिंह और एक अन्य घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
रेत कारोबार विवाद की जांच
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे रेत कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। दो लोगों की मौत के बाद सोनहत और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।






