
कोरबा। State Mineral Team Raid Korba क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और अवैध भंडारण के खिलाफ ‘न्यूज पॉवर जोन’ की खबर का एक बड़ा और असरदार प्रभाव देखने को मिला है। मंगलवार को जोगीपाली क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत भंडारण और अवैध खनन को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित की गई खबर के बाद, प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आज अलसुबह रायपुर खनिज विभाग की एक विशेष टीम ने मड़वारानी के समीपवर्ती क्षेत्रों—झीका, गितारी और जोगीपाली सहित कई संदिग्ध ठिकानों पर अचानक दबिश दी। रायपुर से पहुंची इस केंद्रीय टीम की अचानक हुई छापेमारी (Surprise Raid) से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं के पैर उखड़ गए हैं।
बताया जा रहा है कि राजनीतिक और कथित सत्ता संरक्षण के रसूख तले फल-फूल रहे इस अवैध कारोबार पर खनिज विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक मौके पर जब्ती और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।






