
कोरबा। मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए कोरबा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बलगी डकैती कांड में भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी शुभम सिंह बघेल की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि 6-7 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू को अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई थी। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। टीमों को सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने, संदिग्धों से पूछताछ करने तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
विवेचना में राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) निवासी कड़ारी थाना बाराद्वार जिला सक्ती, वर्तमान निवासी विकास नगर कुसमुंडा की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की संलिप्तता थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी पाई गई है। उक्त मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी जब्त कर चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी से डकैती प्रकरण में भी जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले के खुलासे में सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपराध एवं अपराधियों से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है।





