Korba News: PM आवास शाखा के पूरे स्टाफ को हटाने की मांग! भाजपा नेत्री रेणुका की चिट्ठी से ‘चौरसिया एंड कंपनी’ में हड़कंप, पैसों की मांग के आरोप से मचा बवाल

News Power Zone
3 Min Read

Korba News: भाजपा नेत्री रेणुका राठिया ने PM आवास शाखा के पूरे स्टाफ को हटाने CEO को पत्र लिखा। हितग्राहियों से पैसों की कथित मांग के आरोप से मचा हड़कंप।

 

कोरबा।Korba News: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को लेकर कोरबा जनपद पंचायत की आवास शाखा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 की सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग समिति की सभापति भाजपा नेत्री रेणुका राठिया ने जिला पंचायत CEO को पत्र सौंपकर पीएम आवास शाखा में पदस्थ पूरे स्टाफ को हटाने की मांग कर दी है। चिट्ठी सामने आते ही आवास शाखा के कर्मचारियों में खलबली मच गई है।

रेणुका राठिया ने अपने पत्र में आवास शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि क्षेत्रीय दौरे के दौरान पिछले कुछ महीनों से प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी गतिविधियों में कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं। इतना ही नहीं, उनके नाम का हवाला देकर हितग्राहियों से कथित तौर पर पैसे की मांग किए जाने की शिकायतें भी उनके संज्ञान में आई हैं।

हितग्राहियों को परेशानी, कामकाज पर उठे सवाल

शिकायत के मुताबिक आवास शाखा में पदस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के चलते हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर काम नहीं होने और योजना के क्रियान्वयन में दिक्कतों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

रेणुका राठिया का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों से सीधे जुड़ी महत्वपूर्ण सरकारी योजना है। ऐसे में यदि इसके क्रियान्वयन में लापरवाही या अनियमितता होती है तो इसका सीधा असर जरूरतमंद हितग्राहियों पर पड़ता है।

पहले भी शिकायतें, फिर भी क्यों नहीं बदली तस्वीर?

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवास शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ऐसे में अब जिला पंचायत सदस्य ने सीधे पूरे स्टाफ को हटाने की मांग कर दी है।

अब जांच में खुलेगा ‘राज’!

रेणुका राठिया ने जिला पंचायत CEO से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवास शाखा में पदस्थ पूरे स्टाफ को तत्काल हटाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पीएम आवास शाखा में ऐसा क्या चल रहा है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को पूरी शाखा के स्टाफ को हटाने की मांग करनी पड़ी? क्या यह महज कामकाज की खामी है, हितग्राहियों की शिकायतों का मामला है या फिर आरोपों के पीछे कोई बड़ा खेल छिपा है? इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।

 

 

Share This Article