छत्तीसगढ़
Anti Naxal Operation : नक्सलमुक्ति के बाद भी जंगल उगल रहे खतरनाक राज…! गरियाबंद में मिला हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा…यहां देखें VIDEO
डडईपानी जंगल में CRPF और पुलिस की संयुक्त टीम की सफलता
गरियाबंद, 13 जून। Anti Naxal Operation : छत्तीसगढ़ में नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भले ही बंदूकें खामोश हो गई हों, लेकिन जंगल अब भी नक्सलियों के छिपाए खतरनाक राज उगल रहे हैं। सुरक्षाबलों के लगातार सर्च ऑपरेशन के दौरान गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के जंगल से नक्सलियों का एक बड़ा डंप जखीरा बरामद हुआ है। इसमें कुकर IED, प्रेशर कुकर बम, भरमार रायफल, मैगजीन और UBGL राउंड जैसी सामग्री शामिल है। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सली नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता मान रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने डडईपानी के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा वर्षों पहले छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामग्री में 4 किलो का प्रेशर कुकर, 5 किलो का कुकर IED, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, UBGL राउंड और पटाखा सामग्री शामिल है।
सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया, जबकि IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऐसे डंप स्थलों की लगातार तलाश की जा रही है।
सुरक्षाबलों का मानना है कि नक्सलियों के कमजोर पड़ने के बावजूद जंगलों (Anti Naxal Operation) में छिपाए गए हथियार और विस्फोटक अभी भी सुरक्षा के लिए चुनौती बने हुए हैं। इसलिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





