Noida Sector Fire : हाईराइज फ्लैट बना आग का गोला…! नोएडा की सोसाइटी में मचा अफरा-तफरी का माहौल

News Power Zone
2 Min Read
Noida Sector Fire

नोएडा, 05 जून। Noida Sector Fire : दिल्ली से सटे नोएडा में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-75 स्थित हाईराइज रिहायशी सोसाइटी ‘IVY County’ के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग सोसाइटी के एक टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास के फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भयावह थी कि फ्लैट की बालकनी और खिड़कियों से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 12वें फ्लोर तक पहुंचने के लिए फायर फाइटर्स को हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। एहतियात के तौर पर पूरे टावर और आसपास के फ्लैटों को खाली करा लिया गया। लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, आग के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं कोई अंदर फंसा न रह जाए।

Share This Article