रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष Dharamlal Kaushik से मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल फोन छीन लिया गया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आरोपी बाइक से फरार हो गया और इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार 18 मई 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान PWD आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस कमिश्नरेट में मचा हड़कंप, तुरंत एक्टिव हुई क्राइम ब्रांच
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच समेत कई थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
पुलिस ने शहरभर के सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपी के संभावित रूट का तकनीकी विश्लेषण किया गया। ह्यूमन इंटेलिजेंस और साइबर इनपुट के जरिए पुलिस लगातार आरोपी के करीब पहुंचती रही।
8 घंटे में दबोचा गया आरोपी, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने वारदात के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल वह रायपुर के राजीव नगर इलाके में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रैपिडो चलाने का काम भी करता था। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई है।
“आम हो या हाई प्रोफाइल, हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई” : डॉ. संजीव शुक्ला
रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी Dr Sanjeev Shukla ने कहा कि पुलिस हर अपराध को गंभीरता से ले रही है। चाहे पीड़ित आम नागरिक हो या हाई प्रोफाइल व्यक्ति, हर शिकायत पर समान संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी-लूट के सामान की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



