BreakingFeaturedपुलिस

शादी के दबाव में विवाहित प्रेमी बना हैवान, महिला अधिवक्ता की बेरहमी से हत्या

रायगढ़। Advocate Murder Case रायगढ़ जिले में महिला अधिवक्ता की नग्न लाश मिलने से मचे सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। इंटरनेट मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती का अंत इतनी खौफनाक वारदात में होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और बाइक नंबर के आधार पर मृतिका के विवाहित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने शादी के लिए लगातार बन रहे दबाव से तंग आकर सुनियोजित तरीके से महिला की हत्या कर दी।

जंगल में मिली थी नग्न लाश, इलाके में फैली थी सनसनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 12 मई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में शासकीय जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

घटनास्थल पर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। जंगल में लकड़ी लेने गए ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला बड़ा सुराग

जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। मृतिका के परिजनों को घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटो दिखाए गए, जिसके बाद शव की पहचान 31 वर्षीय आराधना सिदार निवासी केकरा झरिया, थाना लैलूंगा के रूप में हुई। आराधना पेशे से अधिवक्ता थीं।

इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर ट्रेस करते हुए पुलिस सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया गया।

मंदिर से लॉज और फिर जंगल… ऐसे रची गई हत्या की साजिश

पूछताछ में आरोपित लोकनाथ पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 9 मई की रात उसकी आराधना से बातचीत हुई थी और अगले दिन मिलने का प्लान बना। 10 मई को वह बाइक से आराधना को लेकर पहले सक्ती और फिर दमाऊधारा मंदिर गया। शाम को दोनों सक्ती के एक लॉज में रुके, जहां आरोपित ने फर्जी नाम से कमरा लिया।

अगली सुबह वह महिला को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां पहले उसने गला दबाकर उसे बेहोश किया और फिर पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर निर्ममता से हत्या कर दी।

शादी का दबाव बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। लोकनाथ पहले से विवाहित था, जबकि आराधना उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपित ने इस दबाव से छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रची।

हत्या के बाद मोबाइल से करता रहा गुमराह

वारदात के बाद आरोपित ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने मृतिका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बातचीत भी की, ताकि किसी को शक न हो और हत्या का खुलासा देर से हो।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने लोकनाथ पटेल पिता रामप्रसाद पटेल निवासी चारपारा, थाना सक्ती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button