
रायपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जल संसाधन विभाग में वायरल ऑडियो मामले को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग, जांजगीर में पदस्थ कार्यपालन अभियंता (EE) शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें अधिकारी और वाहन चालक के बीच विवादित बातचीत सामने आई थी। ऑडियो में कथित तौर पर अमर्यादित भाषा और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां सुनाई देने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा कलेक्टर से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आचरण नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद राज्य शासन ने यह कार्रवाई की।आदेश के अनुसार, शशांक सिंह को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 एवं वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, शिवनाथ भवन, नया रायपुर निर्धारित किया गया है।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। यह आदेश जल संसाधन विभाग के उप सचिव रविंद्र कुमार मेढेकर द्वारा जारी किया गया।



