Sanitation Workers : धरना पर बैठे सफाई कर्मियों पर लाठीचार्ज…गलियों में कचरे का ढेर…तीसरे दिन भी नहीं हुआ डोर टू डोर कलेक्शन
2018 से चल रहा PPP मॉडल का अनुबंध
रायपुर, 16 मई। Sanitation Workers : राजधानी रायपुर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को भी घर मोहल्ले से कचरा संग्रहण नहीं हो पाया है।
कल शुक्रवार को महापौर मीनल चौबे की चेतावनी के बाद आज सुबह तहसीलदार, निगम अधिकारी पुलिस के साथ पहुंचे। हड़ताल खत्म न करने पर लाठीचार्ज भी किया गया। कुछ सफाई कर्मियों को गाड़ियों में भर कर मोवा थाने और तूता धरना स्थल ले जाया गया।
बता दें कि सफाई कर्मी बीती दीपावली से अपने वेतन भत्ते बढ़ाने की मांग करते रहे हैं। अब हड़ताल के चलते सफाई मित्र वाहन घरों से कचरा कलेक्ट करने नहीं पहुंचे। स्वच्छता अभियान को लेकर नगर निगम प्रबंधन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पा रहा । इससे लोगों को भी परेशानी हो रही है। वे दो दिन से कचरा इधर उधर फेंक रहे हैं।
269 गाड़ियां, 800 कर्मचारी…फिर भी ठप पड़ा सिस्टम
रायपुर और नवा रायपुर से हर दिन करीब 750 टन कचरा निकलता है। इसे संकरी स्थित प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों गाड़ियां और बड़ी संख्या में कर्मचारी लगे हुए हैं। कंपनी के मुताबिक फिलहाल 269 वाहन और करीब 800 कर्मचारी इस काम में जुड़े हैं, जिन पर हर महीने करोड़ों रुपए खर्च होते हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि कलेक्टर दर पर भुगतान होने के बावजूद पुराने ड्राइवरों के वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई है। कई बार मांग रखने के बाद भी समाधान नहीं निकलने से काम रोकना पड़ा। शहर का पुराना डंपिंग एरिया लगभग भर चुका है और नई जगह पर कचरा फेंकने पर पर्यावरणीय आपत्तियों का खतरा बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में सड़कों और मोहल्लों में कचरे का दबाव बढ़ सकता है।
2018 से चल रहा PPP मॉडल का अनुबंध
रामकी कंपनी पिछले कई सालों से PPP मॉडल पर शहर की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था संभाल रही है। नगर निगम के साथ उसका 15 साल का अनुबंध है। समझौते के मुताबिक तय अवधि पूरी होने के बाद प्लांट और संसाधन निगम को सौंपे जाएंगे। फिलहाल भुगतान और संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जल्द खत्म होगी समस्या: महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि रामकी कंपनी के अधिकारियों से बातचीत जारी है, जल्द ही समस्या सुलझा ली जाएगी और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन शुरु हो जाएगा।




