CG Assembly : छत्तीसगढ़ विधानसभा में राम मंदिर चंदा विवाद पर बवाल…! कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर हंगामा…सदन की कार्यवाही स्थगित

News Power Zone
2 Min Read
CG Assembly Monsoon Session

रायपुर, 13 जुलाई। CG Assembly : अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चंदा विवाद की गूंज सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में सुनाई दी। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव लाकर तत्काल चर्चा की मांग की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे राज्य से असंबंधित बताते हुए स्वीकार नहीं किया। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। हंगामे के चलते पहले सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी।

कांग्रेस ने उठाया चंदा विवाद का मुद्दा

प्रश्नकाल के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित चंदा विवाद पर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि जब राम मंदिर निर्माण पर सदन में कृतज्ञता प्रस्ताव लाया गया था, तो अब सामने आए आरोपों पर चर्चा भी होनी चाहिए।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष “चंदा चोरों” को बचाने की कोशिश कर रहा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मंदिर निर्माण से जुड़े गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए चर्चा की मांग की।

भाजपा ने किया विरोध

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मामला छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा नहीं है और चोरी के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। विधायक धर्मजीत सिंह ने भी कांग्रेस के आरोपों का विरोध करते हुए कहा कि यदि किसी के पास साक्ष्य हैं तो कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाए।

स्पीकर ने प्रस्ताव किया खारिज

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह विषय छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित नहीं है, इसलिए काम रोको प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसके बाद विपक्ष ने जोरदार विरोध किया, जिससे सदन में हंगामा बढ़ गया और कार्यवाही बाधित हो गई।

TAGGED:
Share This Article