FeaturedBreakingकोरबासामाजिक

Korba Breaking: चलते ट्रैफिक के बीच सड़क पर गिरा विशाल पीपल, बड़ा हादसा टला… कार क्षतिग्रस्त, लोग बोले- “कुछ सेकेंड इधर-उधर होते तो जान जा सकती थी”

Korba। Korba accident news शहर में एक बार फिर पुराने और विशालकाय पेड़ों की हालत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार देर शाम करीब 9 बजे शहर के व्यस्त मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोतवाली परिसर के भीतर मौजूद एक विशाल पीपल वृक्ष की भारी शाखा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरी।

हादसा इतना अचानक हुआ कि सड़क से गुजर रहे लोग और वाहन चालक कुछ समझ ही नहीं पाए। गनीमत रही कि शाखा की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ सेकेंड का फर्क किसी की जान पर भारी पड़ सकता था।

घटना में एक चलती कार भी इसकी चपेट में आ गई। पेड़ की भारी डाल कार के ऊपरी हिस्से पर गिरने से वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पेड़ की शाखा गिरते ही मुख्य सड़क पर यातायात बाधित होने लगा। सड़क के ऊपर से गुजर रहे कुछ तार भी टूट गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीआई एमबी पटेल ने मौके का जायजा लिया और यातायात सामान्य कराने की व्यवस्था संभाली। देर रात तक पेड़ की भारी शाखाओं को सड़क से हटाने का काम जारी रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई पुराने और विशाल वृक्ष अब खतरे का कारण बनते जा रहे हैं। बारिश, आंधी या सामान्य मौसम में भी बड़ी डालियां टूटकर गिर रही हैं। इससे पहले गांधी चौक स्थित विशाल पीपल का बड़ा हिस्सा गिरने से भारी नुकसान हुआ था। दो दिन पहले भी एक अन्य बड़ी डाल टूटकर गिर चुकी थी।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने नगर प्रशासन और संबंधित विभागों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि शहर में मौजूद पुराने और जर्जर हो चुके विशाल वृक्षों का तकनीकी सर्वे कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले जरूरी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button