
रायपुर।BJP Leader Firing Video Viral छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक रील बनाने के शौक और रसूख के प्रदर्शन ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीजेपी नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के भाई की शादी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नेत्री अपने पति के साथ खुलेआम हवाई फायरिंग करती नजर आ रही हैं।
हथियारों के साथ थिरके रिश्तेदार, नाबालिगों के हाथ में भी दिखी पिस्टल
यह मामला रायपुर में आयोजित बीजेपी नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक के विवाह समारोह का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि:
मोनिका सिंह अपने पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ बंदूक थामे ‘धुरंधर‘ फिल्म के गाने पर डांस कर रही हैं और फायरिंग कर रही हैं।कार्यक्रम में न केवल बड़े, बल्कि लड़कियां, महिलाएं और नाबालिग बच्चे भी हाथों में पिस्टल और बंदूक लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।फिल्मी गानों और डीजे के शोर के बीच सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस का तीखा हमला: “प्रदेश में कानून का खौफ खत्म”
इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने विष्णुदेव साय सरकार को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस प्रवक्ताओं का कहना है कि सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा इस तरह कानून की धज्जियां उड़ाना दर्शाता है कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर (Law & Order) की स्थिति बिगड़ चुकी है। विपक्ष ने मांग की है कि सरकार को अपनी पार्टी के नेताओं पर सख्त कार्रवाई कर उदाहरण पेश करना चाहिए।
“शिकायत नहीं, पर जांच जारी”
हैरानी की बात यह है कि सरेआम हुई इस हर्ष फायरिंग की अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। हालांकि, मामला गरमाता देख पुलिस अधिकारियों ने बयान दिया है:
“फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”



