कोरबा। Korba Rain Newsभीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों को मंगलवार शाम उस वक्त राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट ली और कोरबा में झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं हर बार की तरह बिजली व्यवस्था भी बारिश के आगे जवाब दे गई और शहर के कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई।
दोपहर तक तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे। शाम ढलते ही आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बिजली कटौती ने राहत के बीच परेशानी भी बढ़ा दी। शहर के कई मोहल्लों में अचानक बिजली चली गई, जिससे लोग अंधेरे और उमस के बीच परेशान नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा में हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है।
कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बाइक सवारों और राहगीरों को दुकानों और शेड का सहारा लेना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने बारिश और बिजली कटौती को लेकर जमकर पोस्ट शेयर किए।



