Featuredदेशराजनीति

Bengal Elections: कोलकाता में TMC-बीजेपी कार्यकर्ताओं का हंगामा, EVM स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहुंचीं CM ममता बनर्जी

Bengal Elections: कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले बंगाल का सियासी पारा हाई है। टीएमसी ने कई जगहों पर स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर स्ट्रॉन्ग रूम में रखी मतपेटियों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

 

 

इस मुद्दे को लेकर कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में टीएमसी के वरिष्ठ नेता डॉ. शशि पांजा और कुणाल घोष धरने पर बैठ गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सखावत मेमोरियल स्कूल पहुंचीं, जहां भवानीपुर समेत दक्षिण कोलकाता के कई बूथों की ईवीएम और मतपत्र सुरक्षित रखे गए हैं।

 

 

टीएमसी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। पार्टी का दावा है कि उनकी गैर-मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम में गतिविधियां संदिग्ध हैं और मतपेटियों के साथ छेड़छाड़ की आशंका है।

 

 

उधर, दुर्गापुर में भी स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। दुर्गापुर सरकारी कॉलेज के पास बनाए गए अस्थायी कैंप में करीब 100 कार्यकर्ता दिन-रात निगरानी कर रहे हैं, ताकि मतगणना तक हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

 

 

Bengal Elections: चुनाव आयोग की सफाई

 

 

ईवीएम सुरक्षा को लेकर उठे आरोपों पर चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र में मौजूद सभी सात स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित और सील हैं। आयोग के अनुसार, सभी प्रक्रियाएं उम्मीदवारों की मौजूदगी में पूरी की गईं और अंतिम कमरे को सुबह 5:15 बजे बंद किया गया।

 

 

आयोग ने बताया कि जिस गतिविधि को लेकर विवाद हुआ, वह दरअसल पोस्टल बैलेट की छंटनी से जुड़ी थी, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई। इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों को पहले ही सूचित किया गया था। विवाद को शांत करने के लिए टीएमसी और बीजेपी प्रतिनिधियों को स्ट्रॉन्ग रूम दिखाए गए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

 

 

Bengal Elections: मानिकतला में बीजेपी उम्मीदवार तापस रॉय की पुलिस के साथ तीखी झड़प

 

 

मानिकतला में बीजेपी उम्मीदवार तापस रॉय की पुलिस के साथ तीखी झड़प की खबर है। वहीं बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है। टीएमसी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने, पैसे बांटने और केंद्रीय बलों का दबाव बनाने जैसे हथकंडे अपनाए। पार्टी ने कहा कि वह किसी भी स्थिति में संभावित धांधली को बर्दाश्त नहीं करेगी और परिणाम आने तक सतर्क रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button