कोरबा

BALCO Protest : बालको में कांग्रेस का हल्ला बोल…! सैकड़ों लोग सड़क पर…वेदांता प्रबंधन को उग्र आंदोलन की चेतावनी…राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

ठेला-गुमटी से लेकर श्रमिक तक सड़कों पर, प्रबंधन घिरा

कोरबा, 09 अप्रैल। BALCO Protest : बालको क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर माहौल अचानक गरमा गया। जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों ने भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) नगर प्रशासन कार्यालय के सामने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में ठेला-गुमटी संचालक, छोटे व्यापारी और उनके परिवार सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने Vedanta Limited संचालित बालको प्रबंधन पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। मंच से साफ चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बालको प्रबंधन की मनमानी से कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक सभी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेला-गुमटी संचालकों को नुकसान पहुंचाया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

धरने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में अतिरिक्त तहसीलदार और नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसे कलेक्टर के माध्यम से भेजा गया है। ज्ञापन में सड़क, रोजगार, पर्यावरण और श्रमिक अधिकारों से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।

प्रमुख मांगों में ध्यानचंद चौक से रिस्दी चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्थानीय युवाओं को रोजगार, संविदा श्रमिकों के उत्पीड़न पर रोक, फ्लाई ऐश प्रदूषण नियंत्रण और बंद सार्वजनिक रास्तों को फिर से खोलने की मांग शामिल है।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी कर आम लोगों के अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने इसे लाखों लोगों की आवाज बताते हुए कहा कि अब इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने राष्ट्रपति से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस पूरे घटनाक्रम से बालको क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रबंधन और प्रशासन इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button