कोरबा।Korba Breaking छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जिला कार्यकारिणी की सूची को मंजूरी देते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत व पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के अनुशंसा पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश जायसवाल को जिला कांग्रेस कमेटी का महामंत्री नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन में बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
Korba Breaking बताया जा रहा है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी हाईकमान लगातार संगठन में बदलाव और नई जिम्मेदारियां तय कर रहा है। इसी रणनीति के तहत कोरबा शहर के अनुभवी और प्रभावशाली नेता रमेश जायसवाल को महत्वपूर्ण पद सौंपा गया है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिल सके।
महापौर का चुनाव भी लड़ चुके हैं
रमेश जायसवाल का कोरबा की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वे नगर निगम के महापौर पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। शहर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच प्रभाव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन को नई दिशा देने की तैयारी
कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नई जिला कार्यकारिणी के जरिए पार्टी कोरबा में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने जा रही है। जनसंपर्क अभियान, बैठकें और कार्यकर्ता सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों के जरिए पार्टी फिर से जमीनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
रमेश जायसवाल की नियुक्ति के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनकी सक्रियता से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों में कांग्रेस को मजबूती मिल सकती है।



