Featuredछत्तीसगढ़सामाजिक

Breaking मिलावट पर बड़ा प्रहार: 112 खाद्य पदार्थों की जांच, अमानक मिठाइयां मौके पर नष्ट

महासमुंद। Mahasamund food inspection जिला मुख्यालय सहित बागबाहरा, खल्लारी और तुमगांव में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। रिकॉर्ड 112 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। कई स्थानों से सैंपल लिए गए और अमानक पाए गए पेड़ा, जलेबी व बूंदी के लड्डू मौके पर ही नष्ट करवा दिए गए। कारोबारियों को साफ चेतावनी दी गई कि गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Mahasamund food inspection पिछले एक सप्ताह से जारी सघन अभियान के चलते होटल, ढाबा और किराना दुकानों में दहशत का माहौल है। प्रशासन की खास नजर बेसन, आटा, सूजी, मैदा और मसालों पर है, क्योंकि इनकी गुणवत्ता में गिरावट की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। यही वजह है कि अमानक पाए जाने पर मौके पर ही नष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

किराना और होटल एक साथ जांच के दायरे में

कार्रवाई केवल होटल और ढाबों तक सीमित नहीं रही। आपूर्ति करने वाली किराना दुकानों को भी जांच के घेरे में लिया गया। खल्लारी जैसे छोटे कारोबारी कस्बे में पांच संस्थानों की जांच हुई। बागबाहरा में तीन, जबकि महासमुंद, तुमगांव और तेंदुकोना में भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सख्ती बरती गई।

जांच, सैंपल और नष्टीकरण

खल्लारी के बाबूलाल होटल की जलेबी, दिनेश प्रोविजन का बेसन, प्रदीप किराना का हल्दी पाउडर और शंकर होटल का मिनी पेड़ा अमानक मिला। इन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। मिथ्याछाप पाए गए जीरा और मसाले को विक्रय से हटाने के आदेश दिए गए।
बागबाहरा के साहू जलपान गृह में बूंदी का लड्डू और कलाकंद मानक पर खरे नहीं उतरे। गोपाल ढाबा और यश फैमिली ढाबा में रखी मलाई और उबला चना भी सेवन योग्य नहीं पाए गए और नष्ट कराए गए।
तेंदुकोना के विजय किराना से बेसन और मैदा के सैंपल लिए गए। तुमगांव के शिवा होटल से मैदा, पनीर और कलाकंद के नमूने जांच के लिए भेजे गए। महासमुंद के भवानी मिष्ठान भंडार से कलाकंद, बूंदी लड्डू, सेव और पेड़ा के सैंपल लिए गए हैं।

गुणवत्ता बनाए रखें, नहीं तो कार्रवाई तय

अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। 112 खाद्य पदार्थों की जांच में 103 मानक पाए गए। अमानक खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया है। जिन सैंपलों की जांच जारी है, उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button