कोरबा

Attack on Girlfriend : कोरबा में प्रेम प्रसंग में खूनी खेल…! युवक ने गर्लफ्रेंड पर हमला कर की आत्महत्या…युवक की मौत…युवती गंभीर

चैटिंग से मांगी मदद, कोरबा में जानलेवा हमला

कोरबा, 04 फरवरी। Attack on Girlfriend : जिले के उरगा थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव संडेल के पास एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड का गला काट दिया, इसके बाद खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। दोनों युवक-युवती बिलासपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो देर रात बिलासपुर से उरगा थाना क्षेत्र पहुंचे थे।

चैटिंग से बची युवती की जान

घटना के बाद घायल युवती ने मोबाइल चैटिंग के जरिए अपने परिजनों को सूचना दी और लोकेशन भेजकर मदद मांगी। परिजनों ने यह जानकारी बिलासपुर कोतवाली थाना को दी, जहां से कोरबा पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से युवक के शव को बरामद किया और युवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतक-घायल की पहचान

घायल युवती की पहचान 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा, निवासी कश्यप कॉलोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय शुभम नायडू, निवासी सरकंडा, बिलासपुर के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार युवक शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता है। पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि युवती मंगलवार रात करीब 9 बजे घर से लापता हुई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बिलासपुर में दर्ज कराई गई थी।

युवती ने इशारों में बताई घटना

पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि युवती बेहद गंभीर अवस्था में थी। उसने इशारों में बताया कि युवक ने पहले उस पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर खुद का गला काट लिया।

एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रसंग (प्रेम संबंध) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवती के परिजनों की ओर से मामला दर्ज कराया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो कोरबा पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button