Time Limit Meeting : कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की डेडलाइन रिव्यू मीटिंग…! लंबित जनशिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
बायोमेट्रिक अटेंडेंस का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
कोरबा, 20 जनवरी। Time Limit Meeting : जिले में जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों तथा प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में किया जाए, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
बायोमेट्रिक अटेंडेंस का कड़ाई से पालन
बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य है। साथ ही इसे शीघ्र ही सभी खण्ड स्तरीय कार्यालयों में लागू करने और किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान हेतु एनआईसी से समन्वय करने के निर्देश दिए।
योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने, ऋण वितरण में तेजी लाने एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं “सियान जतन” कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।
बाल संप्रेषण गृह व शिक्षा विभाग को निर्देश
बाल संप्रेषण गृह की व्यवस्थाओं पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने सहित आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को स्कूली विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
वित्तीय अनुशासन पर जोर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समाप्त हो चुकी योजनाओं के अंतर्गत संचालित बैंक खातों को नियमानुसार बंद किया जाए। इस संबंध में कोषालय अधिकारी को विभागों से समन्वय कर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा माह के अंत तक विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
लंबित जनशिकायतों का शीघ्र निराकरण
बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर निगम आयुक्त कोरबा श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



