कोरबा। बीते मंगलवार की सुबह एक कंस्ट्रक्शन साइट पर धारदार हथियार से की गई भाजपा नेता की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का जल्द खुलासा कर सकती है।
मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है, जहां भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संभावित आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
पीएमजीएसवाई अधिकारियों में खलबली
भाजपा नेता और पीएमजीएसवाई ठेकेदार की हत्या की खबर के बाद पीएमजीएसवाई विभाग में भी खलबली मच गई है। जानकारी के अनुसार हत्या से पहले एक सब इंजीनियर से फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस इस कॉल डिटेल को भी जांच के दायरे में लेकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




