
कोरबा। मानिकपुर थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शहर के बीचोबीच खुलेआम कारोबार जारी है। स्थानीय युवा ने इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर पुलिस प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
इलाके में चर्चा ये है कि कबाड़ और जुए का धंधा थाने की नाक के नीचे ही नहीं बल्कि कथित संरक्षण में भी फल-फूल रहा है। पुलिस की ओर से कभी-कभार की जाने वाली छोटी-मोटी जब्ती कार्रवाई भी इसी बात की पुष्टि करती दिख रही है कि खेल कहीं ज्यादा बड़ा है।
मानिकपुर और बालको इलाके में कबाड़ तस्करी बेखौफ चल रही है। बाईपास रोड पर कई दुकानें सुनियोजित तरीके से संचालित हैं। हैरानी इस बात की है कि चौकी से कुछ ही दूरी पर अवैध कारोबार हो रहा है और इसकी भनक प्रभारी को न लगे… ऐसा दावा करना मुश्किल है। स्पष्ट है कि बिना सेटिंग ऐसे कारोबार चलना संभव ही नहीं।
पावर हब कहलाने वाले इस शहर में अवैध कारोबार की खुली छूट ने आम लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। लोग कह रहे हैं कि शहर में बहुत कुछ आंखों के सामने हो रहा है और अब ये पब्लिक है, सब जानती है।



