
कोरबा। नगर निगम सभापति चुनाव में भाजपा संगठन की बड़ी हार हुई है। भाजपा पार्षद नूतन सिंह ठाकुर ने बगावत कर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को करारी चोट देते हुए सभापति की कुर्सी पर कब्जा जमाया है।
बता दें कि प्रदेश के राजस्व के मामले में सबसे बड़े निगम कहे जाने वाले कोरबा में भाजपा की शर्मनाक हार हुई है। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को 18 तथा अब्दुल रहमान को 16 वोट मिले। बतौर बगावत का झंडा लेकर मैदान में उतरे नूतन सिंह ठाकुर को 33 वोट मिले। एक वोट रिजेक्ट हुआ है।भाजपा ने वार्ड 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन पार्टी के ज्यादातर पार्षद विरोध में उतर आए। भाजपा के ही अन्य पार्षदों ने नूतन सिंह ठाकुर को सभापति के लिए उतार दिया। नूतन सिंह वार्ड क्रमांक 6, पुरानी बस्ती से भाजपा के पार्षद हैं। वे पेशे अधिवक्ता हैं।
सभापति चुनाव के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष की तीखी प्रतिक्रिया
पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई, संगठन ने दिए जांच के आदेश
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी या संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों के विरुद्ध कार्य करने वालों पर सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे और इस संबंध में जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
मनोज शर्मा ने कहा कि भाजपा अनुशासन और संगठनात्मक एकता में विश्वास रखती है। जो भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी पार्टी लाइन के खिलाफ काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन हित में कार्य करने की अपील की और कहा कि पार्टी के प्रति वफादारी और अनुशासन सर्वोपरि है।
कोरबा नगर पालिक निगम के सभापति चुनाव के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन ने इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।