Wedding Drama : शराबी दूल्हे को देखकर दुल्हन का बड़ा फैसला…! शादी से किया इनकार…बारात लौटी बैरंग
मंडप में हंगामा, शादी हुई कैंसिल
जांजगीर-चांपा, 25 जून। Wedding Drama : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसमंदा में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब नशे में धुत दूल्हे को देखकर दुल्हन ने विवाह से साफ इनकार कर दिया। मंडप में दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी तोड़ दी।
जानकारी के अनुसार, रस्मों के दौरान दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने आपत्ति जताई और विवाह करने से मना कर दिया। इस फैसले से बारातियों के साथ ही मेहमान और ग्रामीण सन्न रह गए। विवाह मंडप में दूल्हे की हरकतों को सब देख रहे थे, पर किसी ने कुछ नहीं बोला, सब चुप्पी साधे रहे।
काफी देर तक अपने होने वाले जीवन साथ ही हकरतों को देखने और परखने के बाद दूल्हन ने सीने पर पत्थर रखकर जो फैसला लिया, उसे सुनकर सब दंग तो रह गए, पर भीतर ही भीतर इस साहसी निर्णय के लिए सराहना भी करते रहे। लड़के वालों ने दुल्हन को मनाने की कोशिश की, मिन्नतें कर समाज का वास्ता भी दिया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।
बेटी के इस दृढ़ संकल्प को देखकर मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसका साथ दिया। नतीजतन वधु पक्ष ने उसी समय विवाह की सभी रस्में रोक दीं और बारातियों व दूल्हे को बिना शादी किए ही वापस जाने कह दिया।
मामले की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई और बारात को बैरंग लौटना पड़ा।






