
नागपुर। Nagpur Viral Reel Police Action सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने की चाह में बनाई गई एक रील तीन युवकों पर भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देने वाला डायलॉग बोलकर वीडियो पोस्ट करने वाले तीन युवकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों की पहचान की, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी। कार्रवाई के बाद वही युवक पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए।
‘पुलिस चौकी चाहे जिसकी हो, शहर के कमिश्नर हम हैं’
पुलिस के अनुसार, आरोपी शाहिद अब्जल शकील खान (26), मोहम्मद साहिल मोहम्मद शकील शेख (24) और रिजवान मोहम्मद अजीज (28) ने इंस्टाग्राम पर एक रील अपलोड की थी। वीडियो में वे फिल्मी अंदाज में कहते दिखाई दिए, “पुलिस चौकी के हिसाब से शहर बांट रहे हो सुल्तान… चौकी चाहे पुलिस का हो, शहर के कमिश्नर तो हम ही लोग हैं।”रील देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और पुलिस तक पहुंच गई।
वायरल वीडियो बना FIR की वजह
जांच में पुलिस ने पाया कि वीडियो में इस्तेमाल किए गए संवाद पुलिस विभाग की छवि को प्रभावित कर सकते हैं और समाज में कानून-व्यवस्था के प्रति गलत संदेश दे सकते हैं। इसके बाद तहसील पुलिस थाने में पुलिस उपनिरीक्षक रोहन राणे की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट के तहत भी एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामला सोशल मीडिया पर 11 सितंबर 2025 से 16 जुलाई 2026 के बीच वायरल हुए वीडियो से जुड़ा है, जबकि एफआईआर गुरुवार शाम दर्ज की गई।
तेवर बदले, कान पकड़कर मांगी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद तीनों युवकों का रवैया पूरी तरह बदल गया। वे सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने साफ कर दिया कि माफी मांग लेने से दर्ज मुकदमा खत्म नहीं होता। मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






