
कोरबा। Korba Rakhad Dam Corruption छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी (CSPGCL) के राखड़ डैम में कथित भ्रष्टाचार और राख परिवहन में चल रहे खेल को लेकर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) द्वारा समय से पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (Voluntary Retirement) के लिए आवेदन दिए जाने की चर्चा ने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है। इस घटनाक्रम के बाद राख परिवहन व्यवस्था में लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं और ट्रांसपोर्टरों की मनमानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, राख परिवहन से जुड़े कार्यों में कुछ ट्रांसपोर्टरों का इतना दबदबा है कि विभागीय अधिकारियों के लिए नियमों के अनुसार काम कराना मुश्किल होता जा रहा है। चर्चा है कि ऑनेस्ट अफसरों की गिनती में शामिल अधीक्षण अभियंता सत्येंद्र साहू ने इसी दबाव और कथित भ्रष्टाचार से परेशान होकर समय से पहले सेवा छोड़ने का फैसला किया है।
कागजों में दौड़ रहे ट्रक, जमीन पर कुछ और?
विभाग के जानकारों का दावा है कि राख परिवहन में केवल ट्रकों की आवाजाही ही सवालों के घेरे में नहीं है, बल्कि रिकॉर्ड और वास्तविक परिवहन के बीच भी भारी अंतर होने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि कई मामलों में कागजों में परिवहन दिखाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
‘कोयले से ज्यादा कमाई राख में’ की चर्चा
पावर प्लांट से निकलने वाली राख के परिवहन को लेकर लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि इस काम में भारी आर्थिक लाभ है। आरोप यह भी हैं कि कुछ अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों की कथित मिलीभगत से पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
सब इंजीनियरों की संपत्ति जांच की उठी मांग
मामले के तूल पकड़ने के बाद विभाग के कुछ अधिकारियों, विशेषकर राख परिवहन से जुड़े सब इंजीनियरों की संपत्ति की जांच की मांग भी तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि आय से अधिक संपत्ति और कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
अब सबकी नजर विभाग पर
अधीक्षण अभियंता के VRS आवेदन की चर्चा ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि एक वरिष्ठ अधिकारी को समय से पहले सेवा छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा। यदि विभाग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराता है, तो राख परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं।






